रायगढ़। जिले में तेज रफ्तार हाईवा और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ड्राइवर की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि दूसरे ड्राइवर की स्थिति आग पूरी तरह बुझने के बाद ही स्पष्ट हो पाई। घटना दोपहर करीब 1 बजे घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कुडुमकेला मार्ग पर कुरकुट नाला पुल पर हुई।
पुल संकरा होने के कारण दोनों वाहन चालकों ने पहले निकलने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार और नियंत्रण न होने से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में दोनों वाहनों में आग लग गई और केबिन में फंसे ड्राइवर बाहर नहीं निकल सके।
सरिया और कोयला लोड था
जानकारी के मुताबिक एक ट्रक जामपाली माइंस से बालोद रेलवे साइडिंग तक कोयला लेकर जा रहा था, जबकि दूसरी हाईवा में सरिया लोड था और वह बालोद से जामपाली की ओर जा रही थी।
तीन घंटे बाद बुझी आग
डीएसपी सुशांतो बनर्जी के अनुसार, आग पर काबू पाने में करीब तीन घंटे लगे। इसके बाद केबिन में फंसे ड्राइवर के जले शव को बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान कमल प्रसाद के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत था।
फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। जली हुई गाड़ियों को हटाकर पुल से यातायात बहाल कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









