Saturday, August 1, 2026

तेज रफ्तार हाईवा घर में घुसी:ड्राइवर, हेल्पर समेत 3 घायल; मकान टूटने से 10 घंटे तक बिर्रा-शिवरीनारायण मार्ग पर किया चक्काजाम

छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार हाईवा सीधे घर में जा घुसी। राहत की बात ये रही कि इस हादसे में अंदर सो रहे लोग बाल-बाल बच गए हैं। फिर भी हादसे में 3 लोग घायल हुए हैं। सामान को तो काफी नुकसान पहुंचा और मकान भी टूट गया।

वहीं घटना के बाद घर के लोगों का गुस्सा फूट पड्ा और उन्होंने आसपास के लोगों के साथ मिलकर सुबह से ही बिर्रा-शिवरीनारायण रोड बंद कर दिया। गुस्साए लोगों ने इस मार्ग को करीब 10 घंटे तक बंद रखा। इनके चक्काजाम की वजह से आने जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक ग्राम केरा के वार्ड नंबर 19 बिर्रा मुख्य मार्ग पर स्थित धीवर परिवार के मकान में सुबह सब सो रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 5 बजे तेज रफ्तार हाईवा सीधे मकान में घुसी। गाड़ी के अंदर जाते ही सब हड़बड़ा कर उठ गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कोई कुछ कर पाता तब तक मकान टूट चुका था। वहीं हाईवा का ड्राइवर राजेश रात्रे और हेल्पर घायल हो चुका था। वहीं हाईवा ने अंदर सो रहे एक शख्स को भी चपेट में ले लिया।