मरवाही। जिले से एक अनोखा और सराहनीय मामला सामने आया है, जहां मरवाही थाना परिसर में प्रेमी जोड़े का विवाह संपन्न कराया गया। थाना प्रभारी शनिप रात्रे की पहल पर परिजनों की सहमति से यह शादी थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार कराई गई।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला मरवाही क्षेत्र के धूम्माटोला बहरीझोरकी निवासी संजय सिंह और मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले की मीरा सिंह से जुड़ा है। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे से प्रेम करते थे और विवाह करना चाहते थे, लेकिन सामाजिक कारणों से उनके परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे।
परिजनों की असहमति के चलते प्रेमी जोड़े ने अपनी सुरक्षा और भविष्य को लेकर मरवाही थाने में संपर्क किया। थाना प्रभारी शनिप रात्रे ने मामले की गंभीरता से जांच की और पाया कि संजय और मीरा दोनों बालिग हैं तथा अपने जीवन से जुड़े निर्णय लेने के लिए पूर्ण रूप से सक्षम हैं।
इसके बाद थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाया और उन्हें कानूनी अधिकारों, सामाजिक जिम्मेदारियों और दोनों की सहमति के महत्व के बारे में समझाया। पुलिस की समझाइश और काउंसलिंग के बाद परिजन विवाह के लिए राजी हो गए।
परिजनों की सहमति मिलने के बाद थाना परिसर में ही विवाह की तैयारियां की गईं। थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में विधि-विधान के साथ संजय और मीरा का विवाह संपन्न कराया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी शनिप रात्रे स्वयं विवाह के गवाह बने।
इस अनोखी पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। पुलिस की इस संवेदनशील और सकारात्मक भूमिका से न केवल एक प्रेमी जोड़े को नया जीवन मिला, बल्कि समाज में कानून और मानवता का भी एक अच्छा संदेश गया है।









