दफ्तर समय पर नहीं आने पर ‘सरकारी सोटा’:​​​​​​​कवर्धा में RTO सहित 3 अफसरों, जांजगीर में 68 कर्मचारियों को नोटिस; ADM ने 10.15 बजे किया निरीक्षण

छत्तीसगढ़ में सरकारी कार्यालयों में फाइव डे वीक घोषित किया गया है। इसके बदले आधा घंटे काम के समय में इजाफा किया। यानी कि जो अफसर और कर्मचारी 10.30 बजे दफ्तर आते थे, उन्हें अब 10 बजे पहुंचना होगा। पर ऐसा हो नहीं रहा है। ऐसे में कवर्धा और जांजगीर कलेक्टर ने निरीक्षण के निर्देश दिए तो ADM सुबह 1015 बजे जांच करने पहुंच गए। अब लापता मिले कवर्धा में RTO सहित 3 अफसरों और जांजगीर में 68 कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है।

दरअसल, मुख्यमंत्री ने गणतंत्र दिवस पर सरकारी कर्मचारियों के लिए सप्ताह में 5 दिन काम करने और शनिवार-रविवार छुट्‌टी देने की घोषणा की थी। इसके बाद इसे सोमवार से लागू कर दिया, लेकिन कर्मचारी-अफसर लापरवाही बरतते नजर आए। समय जरूर 10 बजे हुआ, लेकिन ज्यादातर कर्मचारी पहुंच ही नहीं रहे थे। इस पर कवर्धा कलेक्टर निरीक्षण के आदेश दिए। मंगलवार सुबह ADM बीएस उईके व कलेक्ट्रेट अधीक्षक राजेंद्र ध्रुर्वे ने कार्यालय का निरीक्षण किया।