Friday, July 3, 2026

दबोचा गया बच्चा चोर गैंग, महिला गिरफ्तार, हुआ ये खुलासा

फरीदाबाद: मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (सीएम फ्लाइंग) की टीम ने गुरुवार रात नवजात को बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने गिरोह की दो महिला समेत तीन आरोपियों को पकड़ कर सराय ख्वाजा पुलिस के हवाले किया है। सभी आरोपी दिल्ली के रहने वाले हैं। तीनों आरोपियों ने नौ दिन के नवजात को करनाल निवासी एक गरीब महिला से अच्छे लालन-पालन का प्रलोभन और कुछ पैसे देकर ले लिया था। उस बच्चे को छह लाख रुपये में फरीदाबाद बेचने पहुंचे थे।

सीएम फ्लाइंग की टीम ने नकली ग्राहक बनकर आरोपियों को पकड़ लिया। सराय ख्वाजा की पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेशकर पांच दिन की रिमांड पर लिया है। इनसे पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जाएगी। सीएम फ्लाइंग के डीएसपी राजेश चेची ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि शहर में नवजात को बेचने वाला एक गिरोह सक्रिय है। सूचना पाते ही पुलिस ने टीम गठित की। टीम में शामिल सब-इंस्पेक्टर सतबीर और महिला एएसआई राजेश कुमारी को एक दंपति के रूप तैयार किया गया। इन्होंने गिरोह से संपर्क किया। गिरोह के सदस्यों को बताया गया कि उन्हें एक बच्चे की जरूरत है। आरोपियों ने छह लाख रुपये मांगे लेकिन 4.50 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। सभी बदरपुर के एक होटल में पहुंचे। वहां बच्चा प्राप्त करने के बाद गिरोह के सदस्यों को पैसे दिए। फिर मिठाई खिलाई। टीम के सदस्यों को इशारे से बुलाकर आरोपियों को धर दबोचा। इनकी पहचान दिल्ली के उत्तम नगर की मीनू, दिल्ली के सुल्तानपुरी की अनिता व दिल्ली के महिंद्रा पार्क के दीपक उर्फ दीपू के रूप में हुई है।