सूरजपुर जिले में शनिवार को सड़क किनारे गंभीर रूप से जली हालत में मिली कक्षा 11वीं की छात्रा की आज इलाज के दौरान मौत हो गई। छात्रा को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज से बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
95% जली हालत में मिली थी छात्रा
जानकारी के अनुसार, बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के गोरखनाथपुर की रहने वाली छात्रा मोनिका सिंह पासन नाला के पास गंभीर रूप से जली हुई हालत में पाई गई थी। राहगीरों की सूचना पर स्थानीय लोगों और पुलिस ने उसे तुरंत बिश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
इलाज के दौरान बिगड़ी हालत
प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मंत्री ने परिवार से की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलते ही कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष और त्वरित जांच के निर्देश दिए हैं।
घटना की वजह अब भी रहस्य
पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या, हादसा या कोई साजिश है। सभी एंगल से जांच की जा रही है।







