Thursday, July 16, 2026

दर्दनाक सड़क हादसा: खड़े ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी, 2 महिलाओं और 2 बच्चियों समेत 4 की मौत, एक बच्चा घायल

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कुम्हारी थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे जा टकराई।

मृतकों में दो महिलाएं और दो मासूम बच्चियां शामिल हैं। घायल बच्चे का इलाज रायपुर के एम्स में जारी है।

मामा के घर जा रहा था परिवार

पुलिस के अनुसार, स्कूटी (CG 07 DE 5847) पर कुल पांच लोग सवार थे। सभी रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर जा रहे थे। सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच दुर्ग से रायपुर की ओर जाते समय उनकी स्कूटी ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर (CG 07 NA 0930) के पीछे जा घुसी।

हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी चला रही अमृता निर्मलकर (28), लक्ष्मी निर्मलकर (26), 7 वर्षीय यासना और 4 वर्षीय डाली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 8 वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल बच्चे का एम्स में इलाज जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

ट्रैक्टर चालक हिरासत में

पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला मॉर्च्युरी भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने लगाए आरोप

हादसे के बाद कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि घटना के समय हाईवे से नेताओं का काफिला गुजर रहा था और पुलिस प्रोटोकॉल ड्यूटी में व्यस्त थी, जिससे राहत कार्य में देरी हुई। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

पुलिस ने कहा है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।