जगदलपुर, 18 जनवरी शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कालीपुर इलाके में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर एक स्कॉर्पियो वाहन तालाब में जा गिरा, जिससे उसमें सवार तीन युवकों की डूबने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से चार अन्य युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
क्रिकेट खेलकर लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी युवक शनिवार (17 जनवरी) को क्रिकेट खेलने के बाद रात में कालीपुर से जगदलपुर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और स्कॉर्पियो सीधे तालाब में जा गिरी। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने दिखाई बहादुरी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जवानों ने बिना देर किए तालाब में उतरकर पानी में डूबी स्कॉर्पियो के शीशे तोड़े और भीतर फंसे चार युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, तीन युवकों को बचाया नहीं जा सका। रविवार सुबह क्रेन की मदद से वाहन को तालाब से बाहर निकाला गया।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक जगदलपुर के निवासी थे—
-
मनीष नेवर (41 वर्ष)
-
शेखर (33 वर्ष)
-
भावेश नागे (38 वर्ष)
चारों घायल युवकों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस हृदयविदारक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।









