दर्दनाक हादसा: सगाई से लौट रही पिकअप खाई में गिरी, 4 ग्रामीणों की मौत, 20 से अधिक घायल

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 4 ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। सगाई समारोह से लौट रहे ग्रामीणों से भरी तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।

घायलों में से 8 लोगों को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

सगाई कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, बंगुरसूता गांव के ग्रामीण बुधवार सुबह कंवर समाज के सगाई कार्यक्रम में शामिल होने कापू क्षेत्र के गोसाईपोढ़ी गांव गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय रात करीब 8 बजे कापू–धरमजयगढ़ मार्ग स्थित विजयघाट और जमरगा पहाड़ के मोड़ के पास पिकअप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन खाई में गिर गया।

चार ग्रामीणों की मौत

घटनास्थल पर ही ग्राम बंगुरसूता निवासी 60 वर्षीय काला राम राठिया और 60 वर्षीय छतर सिंह राठिया की मौत हो गई। वहीं हिजबन राठिया और निरज सिंह राठिया ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में कुल 4 लोगों की जान चली गई।

कई घायल, इलाज जारी

दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल देवेन्द्र कुमार राठिया और सुरेन्द्र राठिया को रायपुर रेफर किया गया है। वहीं गडालाल, बालसिंह, दुजलाल सिंह, निपतराम, मिछनदर निषाद सहित अन्य घायलों का रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार जारी है।