Thursday, August 20, 2026

दस बार भारत ने पाकिस्तान को दी मात:कॉमनवेल्थ गेम्स के क्रिकेट, बॉक्सिंग, रेसलिंग, बैडमिंटन सब में हारे पाकिस्तानी

भारत-पाक मुकाबले अक्सर ही हाईवोल्टेज रहते हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भी जब दोनों देशों आमने-सामने हुए, तो पूरी दुनिया की नजर इनके ही मुकाबलों पर थी। बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने न सिर्फ क्रिकेट के मैदान पर पाकिस्तान को हराया, बल्कि अलग-अलग मुकाबलों में कुल मिलाकर 10 दफा मात दी। आज स्पेशल स्टोरी में आपको उन मुकाबलों के बारे में बताते हैं, जब भारत ने पाकिस्तान को धूल चटाई।

बैडमिंटन सिंगल्स में भारत की आकर्षि कश्यप के सामने पाकिस्तान की महरूर शहजाद की चुनौती थी। आकर्षि ने पहला गेम जीत भी लिया था और दूसरे गेम में मजबूत बढ़त बना ली थी, मगर शहजाद रिटायर्ड आउट हो गईं।

मेंस डबल्स में सात्विक साईराज और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने पाकिस्तान की अली और भट्टी की जोड़ी को 21- 8, 21- 7 से बुरी तरह से हराया था।

बैडमिंटन के मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत ने पाकिस्तान को 5-0 से एकतरफा मुकाबले में हराया था।

बॉक्सिंग में भी भारतीय मुक्केबाजों ने पाकिस्तान पर जमकर मुक्के बरसाए। शिवा थापा ने 63.5 Kg वेट कैटेगरी में अपने पहले मुकाबले में बलोच को 5-0 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था।

क्रिकेट में भारतीय महिला टीम ने अपने दूसरे मैच में पाकिस्तान को 8 विकेट से हरा दिया था। इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 99 रन पर ही समेट दिया था। पाकिस्तान को हराकर भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में जीत का खाता खोला था।

स्क्वैश में भारत की सुनन्या कुरुविला ने विमेंस सिंगल्स में पाकिस्तान की फैजा जफर को 3-0 से हराया।

कुश्ती में रवि दहिया ने पाकिस्तान के असद अली को 14-4 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था, जहां उन्होंने गोल्ड जीता।