कोरबा: दहेज लोभियों ने अपराध दर्ज होने पर पीड़िता को धमकाया

कोरबा: न्यायालय के आदेश पर थाने में दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज होने पर आरोपी ससुरालियों ने पीड़िता के घर पहुंचकर धमकाया। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।

 

मानिकपुर चौकी पुलिस के मुताबिक पीड़िता शिखा अग्रवाल मुडापार बायपास रोड में अपने पिता के घर में रहती हैं। उसकी शादी नौ साल पहले नितेश सिघानिया के साथ हुई थी। पति नितेश समेत ससुर शिव कुमार सिंघानिया, सास उषा सिंघानिया व ननद नीलम जिंदल उन्हें कम दहेज लाने की बात पर गाली देकर मारपीट करते हुए प्रताड़ित करते रहे। दर्री थाना में कई बार चक्कर लगाने के बाद भी केस दर्ज नहीं किया गया। ऐसे में पीड़िता ने कटघोरा न्यायालय में परिवाद दायर किया। न्यायालय से दरीं थाना को 30 अक्टूबर 2023 को आरोपियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का एफआईआर दर्ज करने का आदेश हुआ। मामले में केस दर्ज कर लिया गया। इसकी जानकारी होने पर आरोपी ससुराली बुधवार की शाम पीड़िता के मायके पहुंचे।

जहां मार डालने की धमकी देते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। इससे डरकर पीड़िता ने एक कमरे में घुसकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। बाहर से वे गाली देते और दरवाजा पीटते रहे। बाद में वे चले गए। मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है। मामले में अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।