Wednesday, March 4, 2026

दिल्ली के एक अस्पताल में 80 से ज्यादा स्टाफ कोरोना संक्रमित, एक डॉक्टर की मौत

नई दिल्ली:  दिल्ली के सरोज सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल के करीब 80 स्वास्थ्य कर्मी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है. जबकि एक डॉक्टर एके रावत का शनिवार का निधन हो चुका है. उन्होंने कोरोना रोधी टीके की डोज भी ली थी. वह 58 साल के थे. अस्पताल की चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ पीके भारद्वाज ने एनडीटीवी को बताया कि अप्रैल से मई महीने के बीच करीब 80 मेडिकल स्टाफ की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है. उन्होंने बताया कि कोविड के कारण डॉ एके रावत का निधन शनिवार को हुआ था. डॉ भारद्वाज के अनुसार, डॉक्टर रावत ने अंतिम सांस लेने से पहले इस वायरस से डटकर मुकाबला किया था. वह बहादुर थे. 

अपनी अंतिम बातचीत का जिक्र करते हुए डॉक्टर भारद्वाज ने बताया कि डॉक्टर रावत निश्चिंत थे और उन्होंने मुझसे कहा था कि मैं ठीक हो जाउंगा क्योंकि मुझे वैक्सीन लग चुकी है. यह जानकारी ऐसे समय में सामने आई है जब कोरोना के बढ़ते मामलों के आगे दिल्ली के अस्पतालों के बेड कम पड़ गए हैं. पिछले दिनों ही कुछ प्राइवेट अस्पतालों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. जहां उन्होंने ऑक्सीजन की किल्लत और मरीजों के इलाज के दौरान होने वाली परेशानियों का जिक्र किया था.