Monday, July 27, 2026

दिल्ली में नवरात्र के दौरान मांस की बिक्री पर प्रतिबंध, मेयर के निर्देश पर निगमायुक्त ने जारी किए आदेश

नई दिल्ली दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने अपने क्षेत्र में नवरात्र के दौरान मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के आदेश दिए हैं। वहीं, शराब की बिक्री को बंद करने के लिए दिल्ली सरकार को पत्र लिखा है। दक्षिणी निगम के महापौर मुकेश सुर्यान ने इस संबंध में निगमायुक्त ज्ञानेश भारती को पत्र लिखा है जिसमें उन्होंने नवरात्र के दौरान मांस की बिक्री से व्रतियों को होने वाली परेशानी को रेखांकित किया है। उन्होंने आदेश में कहा है कि नवरात्र के दौरान पूरे दक्षिणी निगम क्षेत्र में मांस और शराब की बिक्री को प्रतिबंधित किया जाए।

महापौर ने बताया कि निगम क्षेत्र में दौरे के दौरान लोग उनसे मंदिरों के पास मांस की बिक्री को लेकर शिकायत कर रहे हैं। लोग कहते हैं कि खुले रूप से मांस की बिक्री हो रही है। इससे उनकी धार्मिक आस्था को ठेस पहुंच रही है। बिक रहे मांस से बदबू भी आती है, जिससे उनका मन खिन्न हो उठता है। ऐसे में लोगों की आस्था को देखते हुए उन्होंने यह निर्णय लिया है। इस संबंध में निगमायुक्त को आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शराब की बिक्री पर रोक लगाने का अधिकार निगम के पास नहीं हैं इसलिए हमने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नवरात्र के दौरान शराब की बिक्री पर दी गई 25 प्रतिशत की छूट वापस लेने तथा शराब बिक्री को बंद करने का आग्रह किया है।