Saturday, May 9, 2026

दिल्ली में ‘संगीतमय राम कथा’ को लेकर सियासत गरम, होर्डिंग्स पर लिखा—‘AAP भी आमंत्रित’, कुमार विश्वास के नेतृत्व में होगा कार्यक्रम, अरविंद केजरीवाल पर निशाने के लगाए जा रहे कयास

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में प्रख्यात कवि और वक्ता कुमार विश्वास के नेतृत्व में आयोजित होने जा रहे ‘संगीतमय राम कथा’ कार्यक्रम को लेकर सियासी माहौल गर्म हो गया है। शहरभर में लगे बैनर और होर्डिंग्स ने इस कार्यक्रम को धार्मिक-सांस्कृतिक से ज्यादा राजनीतिक चर्चा का विषय बना दिया है। खास बात यह है कि कुछ होर्डिंग्स आम आदमी पार्टी के दफ्तर के बाहर भी लगाए गए हैं, जिन पर लिखा है—“AAP भी आमंत्रित है।”

इस संदेश को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि कुमार विश्वास ने अपनी पूर्व पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर परोक्ष निशाना साधा है। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

हाल ही में पार्टी के अंदरूनी हालात भी चर्चा में रहे हैं। राघव चड्ढा समेत सात राज्यसभा सांसदों के इस्तीफे के बाद आम आदमी पार्टी में हलचल मची हुई है। इस्तीफे से पहले राघव चड्ढा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद से सियासी तनाव और बढ़ गया है।

आध्यात्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुति का दावा
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि भगवान राम भारतीय संस्कृति और आदर्शों के प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि ‘संगीतमय राम कथा’ के माध्यम से भगवान राम के जीवन के विभिन्न प्रसंगों—बलिदान, संघर्ष और कर्तव्यनिष्ठा—को संगीत, कविता और कथा के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि यह कार्यक्रम न केवल आध्यात्मिक अनुभव देगा, बल्कि सामाजिक सद्भाव और नैतिक मूल्यों को भी मजबूत करेगा, खासकर युवा पीढ़ी के लिए यह प्रेरणादायक होगा।

विशिष्ट अतिथियों को निमंत्रण
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्रियों, दिल्ली के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्रिपरिषद, सांसदों और दिल्ली विधानसभा के सभी सदस्यों को आमंत्रित किया गया है। फिलहाल यह देखना दिलचस्प होगा कि यह कार्यक्रम केवल सांस्कृतिक मंच तक सीमित रहता है या फिर सियासत में और हलचल मचाता है।