Sunday, April 26, 2026

दिल्ली हिंसा के आरोपी की पेशी थोड़ी देर में:कल कोर्ट जाते वक्त अंसार पुलिस कस्टडी में भी हंसता रहा, पुष्पा स्टाइल में दाढ़ी पर हाथ फेरा

जहांगीरपुरी हनुमान जयंती दंगों के मुख्य आरोपी अंसार और असलम को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी की आज दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में पेशी होनी है, लेकिन पेशी से पहले आरोपी अंसार ने अपनी बेशर्मी दिखा दी। जब इन आरोपियों को रोहिणी कोर्ट में पेशी के लिए पुलिस ले जा रही थी, तब आरोपी ने बड़ी बेशर्मी से पुष्पा का सिग्नेचर स्टेप किया। कोर्ट के गेट के बाहर खड़ी मीडिया को देखकर अंसार ने तेलगू मूवी पुष्पा का फेमस दाढ़ी में हाथ फेरने वाला एक्शन दिखाया।

आरोपी के इस एक्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस उसे कोर्ट में पेशी के लिए ले जा रही है, लेकिन आरोपी लगातार मुस्कुरा रहा है। उसपर पुलिस कार्रवाई का कोई डर नहीं दिख रहा। पुष्पा के एक्शन से कहीं न कहीं वह बताने की कोशिश कर रहा है कि उसे किसी का डर नहीं और न ही वो किसी के आगे झुकेगा।

पहले भी कई अपराधों में शामिल रहा आरोपी
जहांगीरपुरी हिंसा में जिस मुख्य आरोपी अंसार को गिरफ्तार किया गया है, वह पहले भी कई तरह के अपराधों में शामिल रहा है। दिल्ली पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, अंसार इसके पहले असोल्ट के दो मामलों में आरोपी रहा है। इसके अलावा उसे 5 बार गैंबलिंग और आर्म्स एक्ट में बुक किया गया है। स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस लॉयन ऑर्डर दीपेंद्र पाठक ने बताया है कि अंसार जिसका नाम FIR में दर्ज है उसे गिरफ्तार किया गया है।