कोरबा। दीपका क्षेत्रीय कार्यालय स्थित जीएम ऑफिस रोड पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के मुताबिक केसीसी कंपनी की एक वोल्वो वाहन में डंपर के पुराने भारी टायर लोड कर ले जाए जा रहे थे। वाहन में क्षमता से अधिक टायर भरे होने के कारण रास्ते में एक टायर अचानक सड़क पर गिर गया।
घटना सुबह करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। उसी दौरान दो कर्मचारी बाइक से कार्यालय जा रहे थे, जो बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि बाइक सवार टायर की चपेट में आ जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने वाहन चालक को रोक लिया। चालक ने अपना नाम रंजन पांडा बताया। कर्मचारियों ने उसे फटकार लगाते हुए पहले टायर को व्यवस्थित करने और अतिरिक्त लोगों को बुलाने की बात कही। बताया जा रहा है कि कुछ देर रुकने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया।
घटना की सूचना मिलने पर सुरक्षा विभाग का एक कर्मचारी भी मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि KCC के खिलाफ पहले भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी और कर्मचारियों व भू-स्थापित लोगों के शोषण को लेकर शिकायतें की जा चुकी हैं।
घटना के बाद कर्मचारियों में नाराजगी देखी गई। लोगों ने भारी वाहनों में सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।









