Sunday, November 8, 2026

दीपावली की रात खूनी वारदात, शराबी दामाद ने मामा ससुर को टंगिया से काट डाला; 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, ग्रामीणों ने आरोपी को खूंटे से बांधा

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब शराब के नशे में एक दामाद ने अपने मामा ससुर पर टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर खूंटे से बांध दिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

पत्नी से विवाद के दौरान मामा ससुर पर किया हमला

जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला महामाया थाना क्षेत्र के आडेझर गांव का है। गांव निवासी 60 वर्षीय रत्तीराम घटना के दौरान अपने घर में सो रहे थे। इसी बीच आरोपी सुखराम नेताम शराब के नशे में अपनी पत्नी से विवाद कर रहा था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पास में सो रहे अपने मामा ससुर रत्तीराम पर टंगिया से हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी मौत हो गई। घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों ने आरोपी को खूंटे से बांधा

हमले की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बुजुर्ग की मौत और वारदात की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने आरोपी सुखराम नेताम को पकड़ लिया। इसके बाद उसे खूंटे से बांध दिया और घटना की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद महामाया थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने आरोपी को ग्रामीणों के कब्जे से लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की है। वारदात के पीछे के पूरे घटनाक्रम और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।