Thursday, March 12, 2026

दुर्ग में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत, दोस्त पर FIR दर्ज

दुर्ग। जिले के जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदनी रोड पर 13 जनवरी की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के समय कार में सवार तीन अन्य दोस्त भी घायल हो गए। मृतक के परिजनों की शिकायत पर कार चालक दोस्त के खिलाफ जामुल थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार, भिलाई के कांट्रेक्टर कॉलोनी सुपेला पांच रास्ता वार्ड 17 निवासी धमेंद्र सिंह (38 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई प्रवीण धृतलहरे 14 जनवरी 2026 की रात अपने दोस्तों दुर्गेश मांडले, आकाश केशरवानी और राहुल साहू के साथ मारुति स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक CG10 AK 7522) से सुपेला भिलाई से नंदनी रोड होते हुए कचांदुर जा रहा था। कार राहुल साहू चला रहा था।

रात करीब 1.30 बजे जब वाहन नंदनी रोड जामुल स्थित भारत पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा, तभी चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क किनारे लगे सूचना बोर्ड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में ड्राइविंग सीट के बगल में बैठे प्रवीण कुमार धृतलहरे को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में कार में सवार अन्य युवक भी घायल हुए हैं। दुर्गेश मांडले को दाहिने पैर की एड़ी में, आकाश केशरवानी को दाहिने पैर के पंजे और नाक में, जबकि चालक राहुल साहू को कमर और मुंह में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि हादसे से एक दिन पहले ही प्रवीण ने अपने दिवंगत पिता को याद करते हुए सोशल मीडिया पर स्टेटस डाला था। महज 21 घंटे बाद उसकी मौत की खबर से परिवार और मित्रों में गहरा शोक फैल गया।