
दंतेवाड़ा में शारदीय नवरात्र पर्व पर इस बार पहली बार VIP दर्शन के लिए राशि तय की गई थी। इसका मंदिर समिति को अच्छा फायदा मिल रहा है। सप्तमी यानी रविवार की दोपहर तक करीब 4 लाख रुपए की आय मंदिर समिति को प्राप्त हुई है। अभी यह राशि बढ़ रही है। माना जा रहा है नवरात्र समाप्ति तक 5 लाख रुपए से ज्यादा की राशि सिर्फ VIP दर्शन के लिए समिति को प्राप्त हो सकती है।
दरअसल, आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दूर दराज से भक्त पहुंच रहे हैं। यह सिलसिला अब तक नहीं थमा है। रविवार सप्तमी को भी श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या दर्शन के लिए पहुंची। हर दिन जयस्तंभ चौक या इससे आगे तक भक्तों की लाइनें लग रही हैं।VIP दर्शन के लिए इस बार मंदिर समिति ने 2100 की राशि तय की थी। बताया जा रहा है ऐसी व्यवस्था की योजना कोरोनाकाल के पहले से बन रही थी। लेकिन कोरोना के कारण मामला टल गया। इस बार नवरात्र पर्व के लिए हुई बैठक में यह तय कर लिया गया।
अब तक करीब 200 लोगों ने VIP दर्शन के लिए रसीद कटवाई है। इनमें कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी से लेकर अफसर तक शामिल हैं। इनके अलावा आम लोग भी रसीदें कटवाने पीछे नहीं हैं। तहसीलदार यशोदा केतारप ने बताया कि VIP दर्शन के लिए इस बार राशि ली जा रही है। अलग- अलग काउंटर में इसकी व्यवस्था है। लोग इसके लिए रुचि भी दिखा रहे हैं। अब तक कई सारी रसीदें काटी जा चुकी हैं।









