Friday, April 3, 2026

देश को गोल्ड मेडल दिलाने वाले नीरज सेना में हैं अफसर…..किसान के हैं बेटे, पूरे परिवार में कोई नहीं सरकारी नौकरी में

ओलंपिक में नीरज ने इतिहास रच दिया। जिस गोल्ड मेडल का इंतजार देश पूरी शिद्दत से कर रहा था, उसे आज नीरज ने पूरा कर दिया। अभिनव बिंद्रा के बाद करीब डेढ़ दशक से गोल्ड का सूखा देश में पड़ा हुआ था। वो आस आज नीरज चोपड़ा ने जेवलिन में पूरी कर दी है. शानदार प्रदर्शन करते हुए नीरज ने सभी खिलाड़ियों को पछाड़ दिया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया. नीरज ने फाइनल में अपना दबदबा लगातार कायम रखा और पहले ही थ्रो में भाला 87 मीटर दूर फेंक दिया. इसके बाद दूसरी थ्रो में उन्होंने अपना ही प्रदर्शन सुधारते हुए 87 मीटर से भी दूर भाला फेंक दिया. अब आखिर में सभी को पछाड़ते हुए वे गोल्ड मेडल जीत गए हैं.

हरियाणा के पानीपत जिले के खांद्रा गांव में एक छोटे से किसान के घर पर 24 दिसंबर 1997 को नीरज का जन्म हुआ था. नीरज ने अपनी पढ़ाई चंडीगढ़ से की. नीरज ने 2016 में पोलैंड में हुए IAAF वर्ल्ड U-20 चैम्पियनशिप में 86.48 मीटर दूर भाला फेंककर गोल्ड जीता था, जिसके बाद उन्हें आर्मी में जूनियर कमिशन्ड ऑफिसर के तौर पर नियुक्ति मिली थी. आर्मी से जॉब मिलने के बाद नीरज ने एक इंटरव्यू में कहा था, “मेरे पिता एक किसान हैं और मां हाउसवाइफ हैं और मैं एक ज्वॉइंट फैमिली में रहता हूं. मेरे परिवार में किसी की सरकारी नौकरी नहीं है. इसलिए सब मेरे लिए खुश हैं.” उन्होंने आगे कहा था, “अब मैं अपनी ट्रेनिंग जारी रखने के साथ-साथ अपने परिवार की आर्थिक मदद भी कर सकता हूं.”