रेणु अग्रवाल, धार। मध्यप्रदेश के धार जिले में कांग्रेस के पूर्व विधायक की प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी के कारण महिला ने जहर का सेवन कर लिया। महिला को प्रताडि़त करने और धमकी मामले में पुलिस ने पूर्व विधायक पांची लाल मेड़ा सहित छह लोगों के खिलाफ एफआईआई दर्ज किया है।
दरअसल धामनोद की महिला बबीता ने 29 नवंबर को जहर खा लिया था जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। मामला थाने पहुंचा और 2 दिसंबर को महिला का बयान लिया गया। बयान में महिला ने पुलिस को बताया कि मेरे पांची लाल मेड़ा से 12 साल से प्रेम संबंध है। हम साथ में रह रहे थे। साथ में रहने के बाद पांची लाल मेड़ा ने मुझे धामनोद कहार मोहल्ले स्थित मकान को देने से मना कर दिया। इसे लेकर दोनों में विवाद हुआ था। विवाद के बाद चुप रहने और जान से मारने की धमकी दी। परेशान महिला ने कपास में छिड़कने वाली दवाई पी ली थी। पुलिस ने पांची लाल सहित उनके साथी भीम ठाकुर, प्रदीप ठाकुर, विजय पाटीदार, कुंदन राजपूत और रोहित सिंगारेड के खिलाफ धारा 506, 34 एस सी एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। बता दें कि पांची लाल मेड़ा कांग्रेस से धरम पुरी सीट से 2018 में विधायक चुने गए थे। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव 2023 में धरमपुरी से भारतीय जनता पार्टी के कालू सिंह ठाकुर से मात्र 356 वोट से पराजित हो गए।
