दुर्ग। जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन देने का गंभीर मामला सामने आया है। आर्थिक सहायता, बीमारी ठीक कराने और बेटी की शादी में सहयोग का झांसा देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव डालने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पदुमनगर चरोदा निवासी 36 वर्षीय रूखमणी पाण्डेय ने रविवार को थाना पुरानी भिलाई में लिखित शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थिया घरेलू कार्य एवं खाना बनाने का काम करती हैं। शिकायत में बताया गया कि 25 जनवरी 2026 को दो अज्ञात महिलाएं उनके घर आईं और ईसाई धर्म अपनाने पर बीमारी ठीक होने, आर्थिक मदद मिलने और जीवन की समस्याएं दूर होने का दावा किया। जब प्रार्थिया ने धर्म परिवर्तन से इनकार किया तो दोनों महिलाएं वहां से चली गईं।
इसके बाद 1 फरवरी 2026 को वही दोनों महिलाएं दोबारा प्रार्थिया के घर पहुंचीं। इस बार उन्होंने बाइबिल पढ़ने, इलाज में सहायता, आर्थिक सहयोग और बेटी की शादी में मदद का प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया। प्रार्थिया और परिजनों के विरोध करने पर विवाद की स्थिति बन गई।
घटना के बाद पीड़िता ने थाना पुरानी भिलाई पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 299 बीएनएस एवं धारा 04 छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस ने सारिका डाडिंगे (42 वर्ष), निवासी खुर्सीपार और प्रियंका साईमन (33 वर्ष), निवासी कुम्हारी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।









