Thursday, March 5, 2026

धारदार हथियार से हमला: चाकू और सर्जिकल ब्लेड से वार, 4 युवक गंभीर रूप से घायल

कोरबा। शहर के इमलीडुग्गू इलाके में चाकू और सर्जिकल ब्लेड से किए गए हमले में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि 4 से 5 नशेड़ी युवकों ने अचानक हमला कर इस वारदात को अंजाम दिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, इस हमले में परवीन कुमार बरेठ और मुकेश कुमार यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं धन सिंह और मोहन ठाकुर को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, हमला करने वाले युवकों की पहचान मोती सागरपारा निवासी लक्की श्रीवास, नानू सागर, लव शुक्ला, गिरिराज शर्मा और राकेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और नशे के आदी हैं।

घर के पास बैठे थे युवक, पीछे से किया हमला

घटना के संबंध में सुमन यादव ने बताया कि उनके पति और उनके दोस्त घर के पास बैठे हुए थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और पीछे से धारदार हथियार से हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर अक्सर गांजे का नशा करते हैं।

इलाके में बढ़ रही नशे की समस्या

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में गांजे की बिक्री तेजी से बढ़ रही है, जिससे माहौल खराब हो रहा है। लोगों का कहना है कि इस कारण बस्ती में महिलाओं और युवतियों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है।

परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

घायल युवक की मां कविता ने बताया कि उनका बेटा होली मनाने के बाद बस्ती में घूम रहा था, तभी आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा कार्रवाई के बावजूद इलाके में नशे का सामान खुलेआम बिक रहा है।