अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर परिसर में नए वर्ष के अवसर पर सोमवार सुबह आग लगने की घटना सामने आई, जिससे कुछ समय के लिए भक्तों में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह आग श्रद्धालुओं की लापरवाही के चलते लगी, जो मन्नत के लिए बांधे गए धागों और चुनरी से फैल गई।
नए वर्ष के मौके पर सुबह से ही मां महामाया के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ा हुआ था। इसी दौरान मंदिर परिसर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखकर मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया।
मंदिर प्रबंधन और वहां तैनात कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ी घटना नहीं हुई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
हालांकि आग लगने की घटना के चलते कुछ देर के लिए मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थिति सामान्य होने के बाद दर्शन व्यवस्था को फिर से सुचारू कर दिया गया।
घटना के बाद प्रशासन और मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि दर्शन के दौरान पूरी सावधानी बरतें और मंदिर परिसर में ज्वलनशील सामग्री का प्रयोग न करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।









