नशे में स्कूल की फर्श पर सोता मिला हेडमास्टर, वीडियो वायरल; निलंबन की सिफारिश

जब ग्रामीण स्कूल पहुंचे तो हेडमास्टर फर्श पर सोता नजर आया।सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के रामानुजनगर ब्लॉक से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां नशे में धुत हेडमास्टर स्कूल की फर्श पर सोते मिले और उसी हालत में बच्चों को पढ़ाते नजर आए। पूरी घटना का वीडियो ग्रामीणों ने बनाकर वायरल कर दिया है।

भुनेश्वरपुर स्थित नर्मदापारा प्राइमरी स्कूल के हेडमास्टर निरंजन कुशवाहा शराब के नशे में स्कूल पहुंचे थे। ग्रामीणों के स्कूल पहुंचने पर वे जमीन पर लेटे मिले। पूछने पर उन्होंने गैस और पेट दर्द की बात कही। वीडियो में हेडमास्टर के शब्द और पैर लड़खड़ाते दिख रहे हैं, वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे।

ग्रामीणों के अनुसार हेडमास्टर पहले भी कई बार नशे की हालत में स्कूल आ चुके हैं। मामले की सूचना मिलते ही बीईओ डी.एस. लकड़ा के नेतृत्व में जांच टीम स्कूल पहुंची। जांच के दौरान हेडमास्टर ठीक से जवाब भी नहीं दे पाए। इसके बाद बीईओ ने हेडमास्टर को निलंबित करने की अनुशंसा की है। ग्रामीणों ने भी उन्हें हटाने की मांग की है।