Friday, July 31, 2026

नहीं थम रहा जहरीली शराब का कहर, अब समस्तीपुर में 4 लोगों की मौत, दर्जनभर से ज्यादा अस्पताल में भर्ती

पटना: बिहार में जहरीली शराब का कहर रुक नहीं रहा है. मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, बेतिया के बाद अब समस्तीपुर जिले में भी जहरीली शराब पीने से चार लोगों की मौत हो गई है. जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं. मामला जिले के पटोरी प्रखंड के रुपौली पंचायत का है. मृतकों में एक BSF का और एक सेना का जवान भी शामिल हैं, दोनों छुट्टी पर घर आये हुए थे

इस मामले में परिजन शराब पीने की बात से इंकार कर रहे हैं. जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शराब पीने की पुष्टि की गई है. सूत्रों के अनुसार इन लोगों ने शुक्रवार की देर शाम एक ही जगह से खरीदकर शराब पी थी। मरने वालों में चकसीमा निवासी सेना के जवान मोहन कुमार (27), दीगल चकसीमा के बीएसएफ एसआई विनय कुमार सिंह (53), संग्रामपुर निवासी विश्वनाथ चौधरी के पुत्र श्याम नंदन चौधरी (50) तथा रुपौली निवासी महेश्वर राय के पुत्र वीरचंद्र राय (35) के नाम शामिल हैं.