नाटक देखकर लौट रही नाबालिग से गैंगरेप, गला घोंट जंगल में फेंका… हालत नाजुक

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 17 वर्षीय नाबालिग से दो युवकों ने कथित तौर पर गैंगरेप किया और गला घोंटकर उसे अधमरी हालत में जंगल में फेंक दिया। गंभीर हालत में पीड़िता का इलाज जारी है। मामला बागबहार थाना क्षेत्र का है।

नाटक देखकर लौटते समय दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के मुताबिक, 16 फरवरी की रात नाबालिग नाटक कार्यक्रम देखकर पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान दो युवकों ने उसे घर छोड़ने का झांसा देकर बाइक पर बैठा लिया। आरोप है कि दोनों उसे जबरन जंगल की ओर ले गए, जहां बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने होश में आने पर यह बात अपनी मां को बताई।

जंगल किनारे बेहोशी की हालत में मिली

इधर, देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। 17 फरवरी की रात राहगीरों ने बिजली सब स्टेशन रोड के पास उसे बेहोश हालत में पड़ा देखा और अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे पहले सिविल अस्पताल पत्थलगांव रेफर किया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार पीड़िता की हालत नाजुक बनी हुई है।