नाबालिग बच्चियों की हत्या:मां बोलीं- रेप के बाद मार डाला; SP बोले- 6 आरोपी गिरफ्तार, लड़कियां मर्जी से गई थीं

लखीमपुर खीरी में बुधवार शाम दो सगी बहनों के शव एक पेड़ से लटके मिले हैं। दोनों बहनें नाबालिग थीं। एक कक्षा 7 और दूसरी 10वीं में पढ़ती थी। उम्र 15 और 17 साल थी। मां ने आरोप लगाया कि दोनों बेटियों को उनके सामने दो युवकों ने अगवा किया। इसके बाद खेत में ले जाकर रेप किया और हत्या कर दी। घटना निघासन थाना क्षेत्र की है।

कुछ देर में दोनों शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। 3 सीनियर डॉक्टरों का पैनल पोस्टमॉर्टम करेगा। इसकी पूरी वीडियोग्राफी कराई जाएगी।

पिता ने देर रात गांव के ही युवक छोटू गौतम समेत 3 के खिलाफ केस दर्ज कराया है। सूत्रों के मुताबिक, चारों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं की है।

आईजी लक्ष्मी सिंह ने इस केस की कमान संभाल ली है। वह खुद रातभर गांव में रहीं। उन्होंने हर पहलू की जांच की। परिजन से बात की।

तनाव को देखते हुए पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया। 10 से ज्यादा थानों की फोर्स तैनात की गई। एसपी समेत अन्य सीनियर अफसर भी गांव में कैंप कर रहे हैं।