Thursday, August 20, 2026

नूपुर शर्मा के समर्थक का तालिबानी तरीके से मर्डर:उदयपुर में तलवार से गला काटा, VIDEO बनाया; 7 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू, दोनों बदमाश गिरफ्तार

राजस्थान के उदयपुर में 10 दिन पहले नूपुर शर्मा के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने वाले युवक का तालिबानी तरीके से मर्डर कर दिया गया। 2 हमलावर मंगलवार को दिनदहाड़े उसकी दुकान में घुसे। तलवार से कई वार किए और उसका गला काट दिया। इस पूरे हमले का वीडियो भी बनाया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने घटना के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर हत्या की जिम्मेदारी भी ली है।

उदयपुर के 7 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया गया है। इसमें धानमंडी, घंटाघर, हाथीपोल, अंबामाता, सूरजपोल, भुपालपुरा और सवीना थाना क्षेत्र शामिल हैं। साथ ही, धारा 144 लागू कर दिया गया है। आरोपियों ने वीडियो के माध्यम से PM नरेंद्र मोदी तक को धमकी दे डाली है। दोनों आरोपी रियाज अंसारी और मोहम्मद गौस को राजसमंद के भीम से शाम 7 बजे गिरफ्तार किया गया है।

शांति व्यवस्था बहाल रखने के लिए उदयपुर जिले में 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद कर दिया गया है। वारदात के विरोध में हाथीपोल, घंटाघर, अश्वनी बाजार, देहली गेट और मालदास स्ट्रीट का बाजार बंद है। पूरे राजस्थान में अलर्ट जारी किया गया है। शव अब भी दुकान के बाहर ही पड़ा है। मृतक के परिवार वालों ने सरकार से 50 लाख रुपए और सरकारी नौकरी की डिमांड की है।

कन्हैयालाल तेली (40) की धानमंडी स्थित भूतमहल के पास सुप्रीम टेलर्स नाम से दुकान है। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे बाइक सवार 2 बदमाश आए। कपड़े का नाप देने का बहाना बनाकर दुकान में घुसे। कन्हैयालाल कुछ समझ पाते, तब तक बदमाशों ने हमला बोल दिया। उन पर तलवार से कई हमले किए। मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

सूचना पर धानमंडी समेत घंटाघर और सूरजपोल थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस के आला अधिकारी और FSL टीम मौके पर है। टीम ने मौके से सबूत जुटाए। घटना के बाद नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने भी SP को फोन कर घटना की जानकारी ली। DST टीम दोनों आरोपी रियाज अंसारी और मोहम्मद गौस को लेकर उदयपुर के लिए रवाना हो गई। पुलिस की 10 टीमों ने पीछा कर यह सफलता हासिल की है। राजसमंद से करीब 100KM दूर भीम थाना इलाके से गिरफ्तारी हुई है। नाकेबंदी कर पुलिस ने यह कार्रवाई की।

कन्हैयालाल गोर्वधन विलास इलाके का रहने वाला था। उसके 2 बेटे यश (19) और तरुण (17) हैं। 10 दिन पहले उसने बीजेपी से हटाई गई नुपूर शर्मा के पक्ष में सोशल मीडिया पर पोस्ट की। इसके बाद से समुदाय विशेष के लोग उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। कन्हैयालाल लगातार धमकियों से परेशान था। 6 दिनों से उसने अपनी दुकान भी नहीं खोली थी। उसने धमकियां देने वालों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने उसे थोड़े दिन संभलकर रहने को कहा, लेकिन आरोपियों की धरपकड़ में गंभीरता नहीं दिखाई।

घटना की खबर लगते ही कलेक्टर तारा चंद मीणा, एसपी मनोज चौधरी मौके पर पहुंचे। शव फिलहाल मौके पर ही पड़ा है। परिजन हंगामा कर रहे हैं। खेरवाड़ा से पुलिस की अतिरिक्त टुकड़ियों को बुलाया गया है। शहर के 5 इलाकों में बाजार बंद कर दिए गए हैं। लोग मौके पर प्रदर्शन करने भी पहुंचे हैं।