Kanker जिले के दुर्गुकोंदल क्षेत्र से मानव तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 35 युवतियों को झारखंड ले जाकर बंधक बनाए जाने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया है। इनमें दुर्गुकोंदल क्षेत्र की कई युवतियां शामिल बताई जा रही हैं।
मामले का खुलासा तब हुआ जब बंधक बनाई गई एक युवती ने गांव के एक युवक को गुप्त मैसेज भेजकर मदद की गुहार लगाई। युवती ने संदेश में बताया कि नौकरी दिलाने के बहाने उन्हें झारखंड ले जाया गया, जहां जबरन रोका जा रहा है। न तो उन्हें पैसा दिया जा रहा है और न ही घर लौटने की अनुमति मिल रही है।
जानकारी सामने आने के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सोशल मीडिया पर युवतियों के मैसेज और वीडियो वायरल होने के बाद परिजन बेहद परेशान हैं और अपनी बेटियों को वापस लाने के लिए झारखंड जाने की तैयारी कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि सामाजिक कार्यकर्ता Lalit Nareti की पहल पर बचाव अभियान शुरू किया गया है। इस मामले में झारखंड के गढ़वा प्रशासन और पुलिस से संपर्क किया गया है। गढ़वा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच और तलाश अभियान शुरू कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, झारखंड में कई युवतियों से जबरन काम कराया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए Nilesh Kumar Kshirsagar ने कहा कि प्रशासन को मामले की जानकारी मिल गई है। संपर्क स्थापित होते ही विशेष टीम झारखंड भेजी जाएगी।
इस घटना के बाद ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में सक्रिय मानव तस्करी गिरोहों को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भोले-भाले ग्रामीणों को ज्यादा कमाई का लालच देकर बाहर ले जाया जाता है और बाद में बंधक बना लिया जाता है।
फिलहाल परिजन अपनी बेटियों की सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे हैं, वहीं प्रशासन ने भी जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।








