गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। पति के बाद पत्नी ने भी आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह दोनों के शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटके मिले। दोनों ने करीब एक साल पहले ही लव मैरिज की थी। पति-पत्नी ने आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका फिलहाल स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
एक साल पहले हुई थी लव मैरिज
जानकारी के मुताबिक, मामला अमलीपदर थाना क्षेत्र के भेजीपदर गांव का है। यहां मिलाप ध्रुव अपनी पत्नी मंजुला ध्रुव के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि दोनों ने करीब एक साल पहले प्रेम विवाह किया था।
पुलिस के मुताबिक, मिलाप ने पहले किसी बात से आहत होकर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। इसके बाद बीती रात उसने फांसी लगाकर जान दे दी। पति की मौत के बाद उसकी पत्नी मंजुला ने भी कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घर में फांसी पर लटके मिले दोनों के शव
सोमवार सुबह घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घर के अंदर पति-पत्नी दोनों के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले।
पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है।
आत्महत्या की वजह तलाश रही पुलिस
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पति-पत्नी ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया। पुलिस दोनों परिवारों के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों के बीच किसी तरह का विवाद या पारिवारिक अनबन थी या फिर घटना के पीछे कोई अन्य वजह थी।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।










