कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मानिकपुर के गांधी चौक इलाके से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। घरेलू विवाद के बाद एक महिला की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
मृतका की पहचान संगीता मरावी के रूप में हुई है। वहीं मामले में पति बलिराम मरावी पर पत्नी की मौत का आरोप लग रहा है।
जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला गंभीर हो गया। घटना के बाद महिला की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं।









