Sunday, April 19, 2026

पत्नी की हत्या कर दो साल के बेटे संग फरार हुआ था पति, लोरमी से हुआ गिरफ्तार; एक दिन पहले ही मनाया था जन्मदिन, दूसरे दिन छीन ली ज़िंदगी

कोरबा।एक हंसता-खेलता परिवार… पत्नी का जन्मदिन मना रहा था पति… केक कटा, हंसी-खुशी के पल कैमरे में कैद हुए… लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि अगली सुबह वही पति, जो अपनी पत्नी के चेहरे पर मुस्कान लाने की कोशिश कर रहा था, उसी की गला घोंटकर हत्या कर देगा।

जी हां, कोरबा के रामसागरपारा इलाके से दिल दहला देने वाली यह घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। आरोपी पति राजकुमार राजपूत ने अपनी पत्नी दुर्गा राजपूत की बेरहमी से हत्या करने के बाद अपने दो साल के बेटे को लेकर फरार हो गया था। लेकिन पुलिस ने उसे लोरमी के एक होटल से नाश्ता करते वक्त धर दबोचा।

पुलिस के मुताबिक, 13 अप्रैल की सुबह सूचना मिली थी कि रामसागरपारा की एक गली में स्थित मकान में महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि घर का दरवाजा बाहर से बंद था और अंदर 6 माह की मासूम बच्ची रोती मिल गई। महिला की लाश पास ही पड़ी थी और पति गायब था।

इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने जब तफ्तीश शुरू की, तो पति राजकुमार पर शक की सुई घूमी। CCTV फुटेज और मोबाइल लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस आखिरकार लोरमी पहुंची, जहां आरोपी होटल में नाश्ता कर रहा था। उसे वहीं से गिरफ्तार कर कोरबा कोतवाली लाया गया।