
पाकिस्तान की आर्थिक राजधानी कराची में शनिवार को लगातार 2 धमाके हुए। इसमें अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, कई घायल हैं। मलबे में दबे लोगों को निकाला जा रहा है। रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी टीम के साथ पाकिस्तान रेंजर्स और पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद हैं। घायलों का इलाज जिन्ना पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल अस्पताल में किया जा रहा है।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक धमाका कराची के शेरशाह इलाके के पराचा चौक के पास दोपहर 1.30 बजे हुआ। ब्लास्ट में एक निजी बैंक की बिल्डिंग ढह गई है। इमारत का एक बड़ा हिस्सा नाले में समा गया। दूसरा ब्लास्ट रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान हुआ। हालांकि, इसकी क्षमता पुराने धमाके जितनी नहीं थी। धमाकों में बिल्डिंग के पास खड़े वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। JCB की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।











