
पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में रविवार को पांच मिनट के अंदर इमरान खान के खिलाफ पेश अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया। इसके बाद तेजी से कई घटनाक्रम हुए। इमरान खान ने इसके तुरंत बाद संसद भंग किए जाने की मांग की। इस पर राष्ट्रपति ने तुरंत अपनी सहमति दे दी और संसद को भंग कर दिया। तब से विपक्ष का हंगामा जारी है। हालांकि, अब यह पूरा मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुका है। कोर्ट आज इस मामले में सुनवाई के लिए तैयार है।
पाकिस्तान में संसद भंग हो चुकी है। अब चुनाव के बाद ही स्थाई प्रधानमंत्री का चयन हो सकेगा। हालांकि, केयरटेकर पीएम चुने जाने तक इमरान खान ही प्रधानमंत्री के पद पर रहेंगे। इसको लेकर राष्ट्रपति कार्यालय से आदेश जारी किया गया है।
संसद भंग मामले में सुप्रीम कोर्ट आज सुनवाई करेगा। इससे पहले संयुक्त विपक्ष की ओर से मांग की गई है कि, मामले की सुनवाई फुल बेंच करे। विपक्ष का कहना है कि, उन्हें उम्मीद है कि कोर्ट संविधान के साथ खड़ी रहेगी।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ इन दिनों लंदन में हैं। यहां उनके ऊपर फिर से हमला हुआ है। पिछले 24 घंटे के अंदर यह उन पर दूसरा हमला है। जानकारी के मुताबिक, 15 से 20 नकाबपोशों ने नवाज शरीफ के कार्यालय पर हमला बोला। इससे एक दिन पहले भी नवाज शरीफ को एक शख्स ने फोन फेंक कर मारा था।
इमरान खान आज एक बार फिर से जनता से बात करेंगे। भारतीय समयानुसार दोपहर करीब 3:30 मिनट पर वह जनता से फोन से बात करेंगे और उनके सवालों के जवाब देंगे। सीनेटर फैसल जावेद ने बताया कि इमरान खान व जनता के बीच बातचीत का टेलीवीजन व रेडियो पर सीधा प्रसारण किया जाएगा।









