
बिलासपुर में मई के भीषण गर्मी में जलस्तर 45 से 50 फीट नीचे चला गया है। इसके चलते कई इलाकों में जल संकट की स्थिति शुरू हो गई है। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 12 सिरगिट्टी के फदहाखार और इससे लगे गांव कोरमी की यह तस्वीर देखकर हर कोई हैरान हो सकता है। दरअसल, उन्हें पीने के पानी के लिए दो किलोमीटर का सफर तय करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि निगम सीमा में रहने वाले लोगों को पानी के लिए गांव पर निर्भर होना पड़ रहा है।
गांव के बाहर दो किलोमीटर दूर एकमात्र हैंडपंप चालू है, जिसमें पानी लेने के लिए सुबह और शाम लोगों की लाइन लगी रहती है। इस भीषण गर्मी में यहां रहने वाले लोगों को अपनी मजदूरी छोड़कर पानी के लिए जद्दोजहद करना पड़ रहा है। हालत यह है कि लोग सिर में बर्तन लेकर पानी ढो रहे हैं, तो कोई साइकिल, रिक्शा, ठेला और बाइक में पानी ढोते नजर आ रहे हैं।
विभिन्न वार्डों के साथ ही शहर से लगे कुछ गांव में शुरू हुए जल संकट की पड़ताल की, तब पता चला कि प्यास बूझाने के लिए लोगों को किस तरह मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है और रोजी-मजदूरी छोड़कर पानी के लिए मशक्कत कर रहे हैं।







