Saturday, May 9, 2026

पिता ने 2 साल के बेटे को दिया जहर:खुद भी कीटनाशक पीया, हालत गंभीर; पत्नी के मायके से नहीं लौटने के कारण था परेशान

सूरजपुर में गुरुवार को एक युवक ने जहर देकर अपने 2 साल के बेटे की जान ले ली। वहीं खुद भी कीटनाशक पीकर खुदकुशी का प्रयास किया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि पत्नी के मायके जाने और फिर वहां से नहीं लौटने के चलते युवक काफी परेशान था। मामला भटगांव थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, धरमपुर निवासी देवलाल ने करीब 3 साल पहले ग्राम राई की सविता देवांगन से प्रेम विवाह किया था। कुछ समय तक सब ठीक चला, लेकिन बाद में सविता के चरित्र पर देवलाल ने संदेह करना शुरू कर दिया। इसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा। इसके चलते कई बार मामला पुलिस तक भी पहुंचा। करीब एक साल पहले सविता अपने मायके चली गई।

देवलाल को भरोसा था कि होली पर सविता लौट आएगी
इस बीच महिला सहायता केंद्र में भी दोनों का मामला पहुंचा और करीब 4-5 माह पहले सविता को समझाकर घर लौटने के लिए कहा गया। इसके बाद देवलाल उसे लेने कई बार ससुराल भी गया, लेकिन सविता तैयार नहीं हुई। देवलाल को भरोसा था कि होली में सविता लौट आएगी, लेकिन जब वह नहीं आई तो नशे की हालत में वह घर पहुंचा और बच्चे अंश को जहर देकर खुद भी पी लिया।

ससुर बोले-शराब के नशे में उनकी बेटी से झगड़ता था
पता चलने पर परिजन दोनों को लेकर भटगांव अस्पताल पहुंचे। वहां अंश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि देवलाल की हालत गंभीर है। सविता के पिता रामकिशन ने बताया कि देवलाल अक्सर ही नशे की हालत में घर लौटता और उनकी बेटी से विवाद करता था। फिलहाल देवलाल के होश में आने का इंतजार कर रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।