पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में शराब दुकान से बढ़ी परेशानी, लोगों ने की स्थानांतरण की मांग

कोरबा शहर के हृदय स्थल पुराने कोरबा स्थित मुख्य मार्ग पर संचालित अंग्रेजी शराब दुकान स्थानीय निवासियों और व्यापारियों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनी हुई है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि दुकान खुलने से लेकर बंद होने तक शराबियों का जमघट लगा रहता है, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना रहता है और किसी भी समय अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, शहर में पहले से ही नशीले पदार्थों के कारण शांति व्यवस्था प्रभावित रही है, वहीं बीच बाजार में संचालित शराब दुकान ने स्थिति को और अधिक गंभीर बना दिया है। आए दिन छोटी-छोटी बातों पर मारपीट, विवाद और गाली-गलौज की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिससे आसपास रहने वाले परिवारों और व्यापारियों का अमन-चैन प्रभावित हो रहा है।

सबसे बड़ी चिंता यह है कि शराब दुकान के लगभग 100 मीटर के दायरे में कई धार्मिक स्थल और एक विद्यालय भी संचालित हैं। इनमें गौरीशंकर मंदिर, श्री पंचदेव मंदिर, श्री राम जानकी मंदिर और सरस्वती शिशु मंदिर शामिल हैं। इन मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं और विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह का माहौल सामाजिक वातावरण को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से कई बार शिकायत भी की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों की निगाहें अब प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर टिकी हैं। उनका सवाल है कि आखिर कब उनकी समस्याओं पर सुनवाई होगी और कब इस शराब दुकान को आबादी और धार्मिक-शैक्षणिक संस्थानों से दूर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा।

लोगों का कहना है कि जब तक इस पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक क्षेत्र में तनाव और असुरक्षा की स्थिति बनी रहेगी।