रायपुर। डीडी नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती के घर में उसके पूर्व प्रेमी द्वारा जमकर बवाल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने युवती के घर में घुसकर परिजनों के सामने न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि शादी का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की शिकायत पर डीडी नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान चंगोरा भाठा निवासी रितेश सिंह के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता युवती ने बताया कि करीब तीन साल पहले उसका रितेश सिंह से प्रेम संबंध था, लेकिन कुछ कारणों से उसने उससे संपर्क तोड़ लिया था।
पीड़िता के मुताबिक, 30 जनवरी की रात करीब 9 बजे रितेश उसके घर पहुंचा और जोर-जोर से दरवाजा खटखटाने लगा। दरवाजा खोलते ही वह जबरन घर में घुस गया और गालियां देने लगा। इसके बाद उसने परिजनों के सामने शादी के लिए दबाव बनाया और इंकार करने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना की जानकारी युवती ने अपनी बड़ी बहन को दी। रात अधिक होने के कारण पीड़िता ने अगले दिन 31 जनवरी 2026 को थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर डीडी नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है। सभी तथ्यों की जांच के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









