कोरबा-कटघोर। कटघोरा में प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम के सामने डीएफओ शमा फारुखी की शिकायत हुई। इस वक्त मौजूद लोगों के बताए अनुसार कटघोरा विधायक पुरुषोत्तम कंवर ने नाराजगी भरे लहजे में सीधे कह दिया कि मैडम को यहां से हटाइए, इनके कारण पूरा विभाग परेशान है…। इस बीच सप्लायर ने प्रभारी मंत्री को शिकायत थमाया और मंत्री ने पूछा कि ये क्या है…तब तानाखार विधायक मोहित केरकेट्टा के सचिव ने डीएफओ को थोड़ा दूर ले जाकर चर्चा की और लौटे तो मोहित ने डीएफओ का पक्ष लेते हुए प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि जल्द ही सप्लायर का भुगतान हो जाएगा।
वनमण्डल कटघोरा के अंतर्गत वन परिक्षेत्र जटगा में निर्मित 20 में से 12 स्टॉप डेम में प्रदाय किए सामग्री के भुगतान के संबंध में कोरबा प्रवास पर पहुंचे प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम से भी मटेरियल सप्लायर ने गुहार लगाई है। महामाया सेल्स के प्रोपराइटर मुकेश कुमार गोयल ने बताया कि उसके द्वारा वनमण्डल कटघोरा के अंतर्गत वन परिक्षेत्र जटगा में निर्मित कुल 20 में 12 स्टॉप डेम में तत्कालिक वन परिक्षेत्र अधिकारी के कार्यादेशानुसार छड़ सीमेंट प्रदाय किया गया था, जिसके परिणामस्वरूप उक्त स्टॉप डेम पूर्ण हो सके हैं। उक्त स्टाप डेमों के सिविल कार्य में लगे मजदूरों का भुगतान तो वन मंडलाधिकारी द्वारा किया जा चुका है, लेकिन सामग्री किराया में नियोजित मजदूरों तथा छड़, सीमेंट का भुगतान आज पर्यन्त नहीं किया गया है। कई बार भुगतान की मांग को लेकर वन मण्डलाधिकारी कटघोरा से लिखित व मौखिक आग्रह किया जा चुका है, जिस पर उनके द्वारा कभी काम घटिया है, तो कभी रेंजर द्वारा दिया गया वर्क ऑर्डर नहीं चलेगा कहकर चक्कर लगवाया जा रहा है।









