उत्तर प्रदेश के सीतापुर में शनिवार को 12वीं के छात्र ने स्कूल में प्रिंसिपल को गोली मार दी। छात्र ने तीन गोलियां मारीं। वह चौथी गोली तमंचे में लोड कर रहा था, तभी टीचर्स और छात्र आ गए। इस बीच मौका मिलते ही आरोपी मौके से भाग गया।प्रिंसिपल की हालत गंभीर है। उन्हें लखनऊ रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को स्कूल में मारपीट करने पर आरोपी छात्र को प्रिंसिपल ने डांट दिया था। इसी बात से वह नाराज था।
वारदात सदरपुर थाना क्षेत्र के आदर्श राम स्वरूप इंटर कॉलेज की है। घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है। शनिवार सुबह 8.30 बजे प्रिंसिपल राम स्वरूप वर्मा अपने रूम में बैठे हुए थे। वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी छात्र गुरविंदर सिंह स्कूल पहुंचा, वह सीधे क्लास में गया, वहां पर बैग से तमंचा निकलकर कमर में पीछे छिपाता है। फिर एक छात्र के पानी बोतल से पानी पीता है। इसके बाद वह प्रिंसिपल के कमरे में जाता है। बताया जा रहा है कि पहले प्रिंसिपल को नमस्ते किया। इसके बाद गोली मारी दी। पहली गोली उनको छुते हुए निकल गई।
गोली चलते ही प्रिंसिपल ग्राउंड की तरफ भागे। इसके बाद छात्र ने उन्हें दौड़ाकर मैदान में दो गोली मारी। प्रिंसिपल ने हिम्मत दिखाते हुए गुरविंदर को पकड़ लिया। दोनों में हाथापाई हुई। तभी कॉलेज का स्टाफ भी मौके पर आ गया। गुरविंदर चौथी गोली लोड कर रहा था, लेकिन स्टाफ को देखकर गुरविंदर वहां से फरार हो गया। प्रिंसिपल को कमर में पीछे की ओर तीन गोलियां लगी हैं। उनकी हालत गंभीर है।”












