छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बानीपाथर में स्थित मंगल कार्बन प्लांट में शुक्रवार को बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट में टायर गलाने के दौरान हुए जोरदार विस्फोट में 8 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें 9 महीने की एक मासूम बच्ची भी शामिल है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट इतना तेज था कि आसपास काम कर रहे मजदूर आग और गर्म गैस की चपेट में आ गए। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को रायगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
डॉक्टरों के मुताबिक, कई घायलों के 70 से 80 प्रतिशत तक झुलसने की पुष्टि हुई है, जिससे उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की भी तैयारी की जा रही है।
टायर गलाने के दौरान हुआ विस्फोट
बताया जा रहा है कि मंगल कार्बन प्लांट में पुराने टायर पिघलाकर सड़क निर्माण में उपयोग होने वाला ऑयल तैयार किया जाता है। सुबह काम के दौरान जैसे ही मशीन का ढक्कन खोला गया, उसी समय तेज धमाका हो गया। मशीन के अंदर ऑक्सीजन प्रवेश करते ही आग भड़क उठी और हादसा हो गया।
लापरवाही के आरोप, कर्मचारी रहे खामोश
घटना के बाद प्लांट प्रबंधन और कर्मचारियों द्वारा जानकारी देने से बचने का प्रयास किया गया, जिससे प्रबंधन की लापरवाही की आशंका और गहराती जा रही है। हादसे के वक्त सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, यह जांच का विषय है।
प्रशासन और पुलिस मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और प्लांट परिसर को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। अधिकारियों द्वारा यह भी जांच की जा रही है कि प्लांट में सुरक्षा उपकरण, प्रशिक्षण और मानक प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा था या नहीं।
फिलहाल, पूरे मामले की गहन जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारों का खुलासा हो सकेगा।









