कोरबा। जिला कांग्रेस की बैठक में शनिवार को प्रदेश कांग्रेस संगठन प्रभारी, राष्ट्रीय सचिव और सांसद सप्तगिरि शंकर उल्का के सामने कांग्रेस नेताओं का दर्द फिर से छलक उठा। जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप जायसवाल ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी देने के बाद कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में कांग्रेसी जितना प्रताड़ित नहीं हुए वे अपनी सरकार में हो रहे हैं।
अफसर कार्यकर्ताओं की बात सुनने को तैयार नहीं हैं। कांग्रेस जिला प्रभारी को कलेक्टर से मिलने के लिए कई घंटे इंतजार करना पड़ता है। सोसायटी के लिए आवेदन लेने के बाद पूरी प्रक्रिया को ही निरस्त कर दी जाती है। कांग्रेस अध्यक्ष जब अपनी बात रख रहे थे, तब उनकी आंखें भी डबडबा गई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में जिन मामलों को खारिज कर दिया था, अब उसी मामलों को लेकर कई कार्यकर्ताओं को पुलिस प्रशासन प्रताड़ित कर रहा है।
कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष रतन मित्तल ने कहा कि कार्यकर्ताओं की अगर उपेक्षा हुई तो चुनाव में काम कौन करेगा। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शनिस कुमार ने कहा अधिकारी भाजपा के ट्रैक्टर को छोड़ रहे हैं और हमारी खाली गाड़ी को पकड़ रहे हैं। अब कांग्रेस से कोई जुड़ना नहीं चाहता। राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल एक पल के लिए भावुक हो गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कहा कि चिंता न करें। मेरे रहते कोई किसी का बाल बांका नहीं कर सकता।












