Monday, March 23, 2026

फिर पकड़ी गई अफीम की अवैध खेती, 17 दिन में पांचवां मामला, प्रशासन में हड़कंप

रायगढ़। छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। तमनार के बाद अब जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के घटगांव गांव में अफीम की खेती पकड़ी गई है। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, घटगांव में सब्जियों की बाड़ी के बीच चालाकी से अफीम के पौधे लगाए गए थे, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खेत का निरीक्षण किया और अवैध फसल को नष्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि बीते 17 दिनों के भीतर प्रदेश में अफीम की अवैध खेती मिलने का यह पांचवां मामला है, जबकि रायगढ़ जिले में ही पिछले दो दिनों के अंदर यह दूसरा मामला सामने आया है। इससे साफ है कि क्षेत्र में संगठित तरीके से अवैध खेती का नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।

इससे पहले तमनार ब्लॉक के आमाघाट क्षेत्र में भी इसी तरह का मामला सामने आया था। जांच में पता चला कि झारखंड निवासी मार्शल सांगा पिछले 10–12 वर्षों से इस इलाके में खेती कर रहा था। उसने स्थानीय किसान से खेत लेकर तरबूज और ककड़ी की आड़ में अफीम की खेती शुरू कर दी थी।

सूत्रों के मुताबिक, मार्शल सांगा झारखंड में अपने साथियों के साथ पहले से अफीम की खेती करता रहा है और उसी तरीके को रायगढ़ में भी लागू किया गया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।