बीजापुर। जिले के भोपालपट्टनम ब्लॉक अंतर्गत ग्राम वंगापल्ली में बच्चा चोरी की अफवाह ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम दम्पया के दो युवकों को ग्रामीणों ने शक के आधार पर पकड़कर लाठी-डंडों से जमकर पीट दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम दम्पया निवासी विकास कावटी और संतोष कावटी देर शाम मोटरसाइकिल से एक बकरा लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान वंगापल्ली के पास बकरा अचानक बाइक से उतरकर भागने लगा। दोनों युवक उसे पकड़ने के लिए दौड़े, जिसे देखकर ग्रामीणों को संदेह हुआ और देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई।
अफवाह के चलते ग्रामीणों ने दोनों युवकों को बच्चा चोर समझ लिया और बिना सत्यापन किए उन पर हमला कर दिया। मारपीट में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मद्देड़ पहुंचाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया। विकास कावटी की हालत ज्यादा गंभीर होने पर उसे रायपुर हायर सेंटर भेजा गया है, जबकि संतोष कावटी का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
8 आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
मामले में परिजनों की शिकायत के बाद मद्देड़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
एसपी की अपील—अफवाहों पर न दें ध्यान
बीजापुर एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव ने वीडियो जारी कर लोगों से अपील की है कि जिले में बच्चा चोरी या किडनी चोरी जैसी कोई पुष्टि नहीं हुई है। यह पूरी तरह अफवाह है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें, लेकिन कानून को अपने हाथ में न लें।









