Wednesday, March 18, 2026

बच्चों को जल्द लगेगी कोरोना वैक्सीन:कैंसर, किडनी और हार्ट डिसीज से जूझ रहे 12 साल से बड़े बच्चों को लगेगा टीका; स्वस्थ बच्चों को फिलहाल करना होगा इंतजार

भारत सरकार बीमारियों से पीड़ित 12 साल से ज्यादा उम्र के बच्चों का वैक्सीनेशन जल्द शुरू कर सकती है। हालांकि, पूरी तरह से स्वस्थ बच्चों को फिलहाल इसका फायदा मिलने की उम्मीद नहीं है। कोविड-19 वैक्सीनेशन पर सरकार को एडवाइज देने वाली कमेटी के मुताबिक इस वक्त देश में 40 करोड़ बच्चे हैं। सभी का वैक्सीनेशन शुरू किया जाता है तो पहले से चल रहे 18+ का वैक्सीनेशन प्रभावित होगा।

 

पहले वयस्कों का वैक्सीनेशन होना जरूरी है, नहीं तो आने वाले समय में देश में फिर वैसे ही हालत पैदा हो सकते हैं, जब लोगों को अस्पताल में बेड के लिए भटकना पड़ा था। बच्चों के वैक्सीनेशन पर कमेटी ने राय दी है कि अभी 12 साल से ज्यादा उम्र के उन बच्चों का वैक्सीनेशन किया जाए, जिन्हें गंभीर बीमारियां हैं। कमेटी का मानना है कि हर बच्चे को स्कूल भेजने से पहले उसके वैक्सीनेशन की जरूरत नहीं है।