सक्ति। सक्ति जिले में रविवार को एक बड़ा धार्मिक आयोजन किया गया, जिसमें 610 धर्मांतरित लोगों ने मूल हिंदू धर्म में वापसी की। यह कार्यक्रम धर्म जागरण समन्वय के तत्वावधान में सिद्ध हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित किया गया।
इस आयोजन में अखिल भारतीय घर वापसी अभियान के प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ परिवारों के चरण पखारकर उनकी पुनर्वापसी कराई।
वैदिक मंत्रोच्चारण और परंपराओं के साथ हुआ स्वागत
कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण, चरण पखारने और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सभी परिवारों का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। आयोजन समिति के अनुसार, यह केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सनातन धर्म की समावेशी परंपरा और सांस्कृतिक जागरण का प्रतीक है।
बताया गया कि इस अभियान की प्रेरणा स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव द्वारा शुरू किए गए “घर वापसी अभियान” से ली गई है।
धर्म संरक्षण का लिया संकल्प
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की सुरक्षा और सनातन धर्म के संरक्षण के लिए अभियान को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पूज्य प्रेमा साईं महाराज, सुधीर गौतम, राजकुमार चंद्रा, अंजू गबेल, अवतार अग्रवाल, टिकेश्वर गबेल, अन्नपूर्णा राठौर, राजेंद्र राठौड़, आयुष शर्मा, महेश साहू, रूपेंद्र गबेल, संतोषी सिंह, कुंती जांगड़े, पूजा राठौर, विजय जायसवाल सहित संतजन, धर्मप्रेमी नागरिकों और आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








