Monday, November 23, 2026

बड़ा सड़क हादसा: चलते बस का टायर फटा, पेड़ से टकराई यात्री बस; चालक-कंडक्टर समेत 15 घायल, 4 गंभीर

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अंबिकापुर से बिहार के सासाराम जा रही यात्री बस प्रतापपुर क्षेत्र के शिवपुर मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बस चालक और परिचालक सहित करीब 15 लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही प्रतापपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

चलते बस का टायर फटा, अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यात्री बस अंबिकापुर से सवारियों को लेकर बिहार के सासाराम जा रही थी। इसी दौरान प्रतापपुर के शिवपुर मार्ग पर अचानक बस का टायर फट गया। बताया जा रहा है कि बस की रफ्तार तेज थी। टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। अचानक हुए हादसे से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

बस में फंसा चालक, वाहन काटकर निकाला बाहर

हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और टक्कर के बाद वाहन के अंदर ही फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार बस के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर चालक को बाहर निकाला गया।

परिचालक के भी गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस के पहुंचने से पहले राहत एवं बचाव कार्य में मदद की।

चार गंभीर घायलों को अंबिकापुर किया गया रेफर

हादसे में घायल करीब 15 यात्रियों को उपचार के लिए प्रतापपुर अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार और जांच के बाद चार गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया। अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में उपचार जारी है।

प्रतापपुर पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद प्रतापपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में बस का टायर फटना हादसे की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों और अन्य परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।