रायपुर/बलरामपुर। हंसपुर गांव में कथित मारपीट के बाद ग्रामीण की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या समेत गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। मामले में करूण डहरिया सहित चार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज कर हिरासत में लेकर गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, 15 फरवरी की शाम अवैध बॉक्साइट उत्खनन की जांच के दौरान ग्रामीणों से मारपीट हुई थी, जिसमें रामनरेश (लगभग 62 वर्ष) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। घायलों ने आरोप लगाया कि पूछताछ के बाद उन्हें डंडे और रॉड से पीटा गया।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए कुसमी में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की समीक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने कहा कि कार्रवाई उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है और पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।








