बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अवैध अफीम की खेती का एक और मामला सामने आया है। कुसमी के बाद अब कोरंधा थाना क्षेत्र के खजूरी गांव में अफीम की फसल होने की जानकारी मिली है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार खजूरी गांव झारखंड सीमा से लगा हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि यहां करीब डेढ़ एकड़ जमीन में अफीम की खेती की गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है और आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
इस मामले को लेकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि खजूरी पंचायत में करीब डेढ़ एकड़ जमीन में अफीम की फसल लगाई गई है। हालांकि इस संबंध में बलरामपुर के पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
गौरतलब है कि इससे पहले कुसमी क्षेत्र में करीब तीन एकड़ खेत में लगी अफीम की फसल को पुलिस ने नष्ट किया था। इस दौरान करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की फसल बरामद की गई थी। साथ ही 1 किलो 900 ग्राम अफीम लेटैक्स भी जब्त किया गया था।
इस मामले में पुलिस ने एक भाजपा नेता और पूर्व सरपंच समेत सात लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं मुख्य सरगना की तलाश में पुलिस की एक टीम झारखंड के लिए रवाना की गई है।
फिलहाल कोरंधा क्षेत्र में मिली अफीम की खेती को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।









